Chhattisgarh

एसईसीएल में 1 जून से लागू होगा नया ड्रेस कोड, प्रबंधन ने जारी किया आदेश

कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में कर्मचारियों के लिए नया ड्रेस कोड आगामी 1 जून 2026 से लागू किया जाएगा। इस संबंध में एसईसीएल मुख्यालय द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है। यह निर्णय कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) द्वारा यूनिफॉर्म ड्रेस कोड योजना में किए गए संशोधन के बाद लिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार सीआईएल के निर्देशों के तहत सभी सहायक कंपनियों में संशोधित ड्रेस कोड लागू किया जा रहा है। इसी क्रम में एसईसीएल प्रबंधन ने सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधकों, विभागाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र, उपक्षेत्र, इकाइयों और विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को नए ड्रेस कोड की जानकारी उपलब्ध कराएं तथा 1 जून से इसका पालन सुनिश्चित करें।

कंपनी प्रबंधन ने अधिकारियों को यह जिम्मेदारी भी सौंपी है कि अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्धारित समय से पहले नई व्यवस्था से अवगत कराया जाए, ताकि कार्यालयों में ड्रेस कोड का प्रभावी पालन हो सके।

जानकारी के मुताबिक कोल इंडिया लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने अपनी 490वीं बैठक में यूनिफॉर्म ड्रेस कोड योजना में संशोधन को मंजूरी दी थी। इसके बाद सीआईएल प्रबंधन ने आदेश जारी किया, जिसके अनुपालन में अब एसईसीएल स्तर पर भी निर्देश लागू कर दिए गए हैं।

संशोधित व्यवस्था के तहत कर्मचारियों को मिलने वाली वार्षिक यूनिफॉर्म अग्रिम राशि में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पहले की तरह कर्मचारियों को 12,500 रुपये का एडवांस मिलेगा, लेकिन अब इस राशि से कर्मचारी अपनी सुविधा अनुसार तीन या उससे अधिक यूनिफॉर्म खरीद सकेंगे।

इसके साथ ही बिल जमा करने की समय-सीमा में भी राहत दी गई है। पहले कर्मचारियों को एडवांस मिलने के एक महीने के भीतर यूनिफॉर्म खरीदकर जीएसटी बिल जमा करना अनिवार्य था, जिसे अब बढ़ाकर दो महीने कर दिया गया है। इससे कर्मचारियों को खरीदारी और दस्तावेज जमा करने के लिए अधिक समय मिल सकेगा।

पहले जिन कर्मचारियों की सेवा अवधि छह महीने से कम बचती थी, उन्हें यूनिफॉर्म राशि का केवल 50 प्रतिशत भुगतान किया जाता था। नए संशोधन में इस प्रावधान को समाप्त कर दिया गया है। अब सभी कर्मचारियों को समान रूप से पूरी राशि का लाभ मिलेगा, चाहे उनकी शेष सेवा अवधि कितनी भी हो। हालांकि सेवानिवृत्ति के निकट कर्मचारियों के लिए अलग प्रावधान भी जोड़े गए हैं।

नए ड्रेस कोड के तहत पुरुष कर्मचारियों को ग्रे रंग की शर्ट और ब्लैक पैंट पहनना अनिवार्य होगा। वहीं महिला कर्मचारियों को पहले की तरह दो विकल्प दिए गए हैं। वे ग्रे या मैरून रंग की फॉर्मल शर्ट के साथ काली पैंट पहन सकती हैं अथवा ग्रे-मैरून रंग का कुर्ता/कमीज, काली सलवार और दुपट्टे का सेट चुन सकती हैं। महिला कर्मचारियों को आवश्यकता अनुसार विकल्पों के मिश्रित उपयोग की भी अनुमति रहेगी।

कंपनी प्रबंधन का कहना है कि नए ड्रेस कोड से कार्यस्थलों पर एकरूपता बढ़ेगी और कर्मचारियों के बीच पेशेवर वातावरण को मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Back to top button