Chhattisgarh

सेंट थॉमस पब्लिक स्कूल में छात्र अलंकरण समारोह संपन्न, लक्ष्य निर्धारण और अनुशासन का दिया संदेश

कोरबा,07 अगस्त 2026। प्रगति नगर स्थित सेंट थॉमस पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को छात्र अलंकरण समारोह (इन्वेस्टिचर सेरेमनी) गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में एसईसीएल दीपका क्षेत्र के महाप्रबंधक अशोक कुमार मुख्य अतिथि तथा नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत एवं पार्षद व पीआईसी सदस्य अरुणीश तिवारी ‘दादाभाई’ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य फादर रिकी एवं शिक्षकों द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि अशोक कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र को अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसी दिशा में पूरी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि सही दिशा में किया गया सतत प्रयास ही सफलता की कुंजी है।

विशिष्ट अतिथि राजेंद्र राजपूत एवं अरुणीश तिवारी ‘दादाभाई’ ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा एक सशक्त व्यक्तित्व के निर्माण का आधार है। उन्होंने छात्रों से अनुशासन, उत्तम आचरण और श्रेष्ठ चरित्र को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उनका कहना था कि शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन का समन्वय ही विद्यार्थियों को भविष्य में सफल नागरिक बनाता है।

समारोह के दौरान विद्यालय के नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को उनके पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।

Related Articles

Back to top button