अनिल कपूर होस्ट करेंगे स्टार प्लस के नए फैमिली गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1%’, 5 सितंबर से होगा प्रीमियर

मुंबई, 07 अगस्त 2026। स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार इस फेस्टिव सीजन में दर्शकों के लिए भारत का नया फैमिली गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ लेकर आ रहे हैं। इस शो का प्रीमियर 5 सितंबर से होगा, जिसे बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर होस्ट करेंगे।
यह शो दुनियाभर में लोकप्रिय इंटरनेशनल फॉर्मेट ‘द 1% क्लब’ का भारतीय रूपांतरण है। नीदरलैंड्स, जर्मनी, स्पेन, ग्रीस, ऑस्ट्रेलिया, इज़राइल, तुर्की, यूक्रेन, मैक्सिको और अमेरिका जैसे देशों में सफलता हासिल करने के बाद अब यह फॉर्मेट भारत में ‘इंडिया के टॉप 1%’ के नाम से दस्तक दे रहा है।
पारंपरिक क्विज शो से अलग इस शो में केवल जानकारी नहीं, बल्कि प्रतिभागियों की सोचने की क्षमता, लॉजिक, ऑब्जर्वेशन और कॉमन सेंस को परखा जाएगा। शो का उद्देश्य हर उम्र के लोगों को घर बैठे खेलने का मौका देना है, जिससे हर लिविंग रूम फैमिली गेम नाइट में बदल सके।
स्टार प्लस ने हाल ही में एक भव्य लॉन्च इवेंट के दौरान शो का अनावरण किया, जिसमें मनोरंजन जगत की कई हस्तियां और गणमान्य लोग शामिल हुए। चैनल के इस बड़े नॉन-फिक्शन लॉन्च को लेकर दर्शकों में भी उत्साह देखा जा रहा है।
शो के होस्ट अनिल कपूर ने कहा कि ‘इंडिया के टॉप 1%’ ऐसा अनुभव होगा, जिसे दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखा। उन्होंने बताया कि शो में सवालों के जवाब देने से ज्यादा महत्वपूर्ण यह होगा कि खिलाड़ी किसी चुनौती को किस तरह सोचकर हल करते हैं।
अनिल कपूर ने कहा कि शो में ऑब्जर्वेशन, लॉजिक, प्रेजेंस ऑफ माइंड और दबाव में शांत रहने की क्षमता की परीक्षा होगी। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि वे इस चुनौती का हिस्सा बनें और खुद को ‘इंडिया के टॉप 1%’ में शामिल करने का मौका पाएं।
‘इंडिया के टॉप 1%’ का प्रसारण 5 सितंबर से सिर्फ स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा।




