राजनांदगांव में अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, दो ट्रकों से 595 क्विंटल धान जब्त

राजनांदगांव, 17 नवम्बर 2026। धान खरीदी सीजन में अवैध धान परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में कलेक्टर ने पाटेकोरा बैरियर का निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए दो ट्रकों को पकड़ा गया। प्रशासनिक टीम ने दोनों वाहनों से कुल लगभग 595 क्विंटल धान जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, पहले ट्रक से 742 बोरे में भरा 306 क्विंटल धान बरामद किया गया। वहीं, उसी स्थान पर पकड़े गए दूसरे ट्रक से 289 क्विंटल धान जब्त किया गया। दोनों ट्रकों और धान को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, एसडीएम और खाद्य अधिकारी भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने बैरियर पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि बाहर से आने वाले वाहनों की सघन जांच की जाए। बिना वैध अनुमति के धान का परिवहन किसी भी स्थिति में नहीं होने दिया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी सीजन में किसानों के हितों की रक्षा और खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। अवैध रूप से धान का परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




