चलती कार में बैंक मैनेजर को आया हार्ट अटैक, बेकाबू कार ने 1 कार और 2 स्कूटरों को मारी टक्कर

0 राहगीरों ने दिखाई सूझबूझ, बेहोश बैंक अधिकारी को दिया CPR; समय पर अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में चलती कार में बैंक मैनेजर को अचानक हार्ट अटैक आने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिटी सेंटर स्थित एम्पायर अपार्टमेंट के सामने बैंक मैनेजर गिरिराज बघेल की कार अनियंत्रित होकर एक अन्य कार और दो स्कूटरों से टकरा गई। हादसे में गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। वहीं, कार में बेहोश पड़े बैंक मैनेजर की जान राहगीरों की सूझबूझ से बच गई। लोगों ने तत्काल उन्हें CPR दिया और उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य प्रबंधक गिरिराज बघेल अपनी कार से सिटी सेंटर इलाके से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। आशंका जताई जा रही है कि इस दौरान घबराहट में उनका पैर ब्रेक की जगह एक्सीलेटर पर चला गया, जिससे कार की रफ्तार बढ़ गई और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर चल रही एक कार और दो स्कूटरों से जा टकराया।
लगातार टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। शुरुआत में लोगों को लगा कि चालक की लापरवाही से दुर्घटना हुई है, लेकिन जब राहगीरों ने कार के अंदर देखा तो बैंक मैनेजर ड्राइविंग सीट पर बेहोश मिले। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए लोगों ने तत्काल उन्हें कार से बाहर निकाला और CPR देना शुरू किया। इसके बाद उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने सुरक्षित रखा बैंक मैनेजर का सामान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण प्रभावित यातायात को व्यवस्थित कराया। पुलिस ने कार में मिले बैंक मैनेजर के मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान को सुरक्षित कब्जे में लेकर यूनियन बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय में जमा करा दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह बैंक मैनेजर को अचानक हार्ट अटैक आना सामने आई है। फिलहाल किसी भी प्रभावित वाहन चालक ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही है।




