धमतरी पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 14 पुलिसकर्मियों का तबादला; कई को साइबर थाने से मिली नई जिम्मेदारी

धमतरी, 18 नवंबर। जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। SP भावना पांडेय ने जिले के विभिन्न थानों, पुलिस चौकियों और साइबर पुलिस थाना में पदस्थ 14 पुलिसकर्मियों के तबादले का आदेश जारी किया है। इस सूची में उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक शामिल हैं।
जारी तबादला आदेश के अनुसार, उप निरीक्षक अजय सिंह को कुरूद थाना से करेलीबड़ी चौकी का प्रभारी बनाया गया है। वहीं करेलीबड़ी चौकी प्रभारी रहे सहायक उप निरीक्षक राधेश्याम बंजारे को सिटी कोतवाली धमतरी भेजा गया है। सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र साहू को सिटी कोतवाली से पुलिस नियंत्रण कक्ष धमतरी और उत्तम निषाद को अर्जुनी थाना से कुरूद थाना में पदस्थ किया गया है।

इसी तरह प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश मरकाम और आरक्षक बृजेश वैष्णव को रक्षित केंद्र से सिटी कोतवाली भेजा गया है। साइबर पुलिस थाना में पदस्थ आरक्षक युवराज ठाकुर को नगरी थाना, आनंद कटकवार को कुरूद थाना, विकास द्विवेदी को सिहावा थाना और दीपक साहू को सिटी कोतवाली में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं सिटी कोतवाली में पदस्थ आरक्षक संजय पति और मुकेश मिश्रा को साइबर पुलिस थाना भेजा गया है। इसके अलावा कुलदीप सिंह राजपूत को रक्षित केंद्र से तथा पितांबर सिंह राजपूत को सिटी कोतवाली से साइबर पुलिस थाना में पदस्थ किया गया है।

पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को जिले की कानून-व्यवस्था मजबूत करने और पुलिसिंग में बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके तहत थानों और चौकियों में पुलिस बल की उपलब्धता बढ़ाने के साथ साइबर अपराधों से जुड़े मामलों की जांच और कार्रवाई को भी प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया है।
SP भावना पांडेय ने सभी स्थानांतरित अधिकारी-कर्मचारियों को नवीन पदस्थापना स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।




