बिलासपुर में सड़क की बदहाली से परेशान छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट का किया घेराव; सड़क निर्माण की मांग

बिलासपुर, 18 नवंबर। शहर के लालखदान जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों से परेशान छात्र-छात्राओं का गुस्सा मंगलवार को सड़क पर देखने को मिला। सड़क की मरम्मत और नए सिरे से निर्माण की मांग को लेकर चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस और होली क्रॉस सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। इस दौरान छात्रों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं का कहना था कि लालखदान और दो-मुहानी जाने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़क जगह-जगह से उखड़ गई है और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण रोजाना आवागमन करना जोखिम भरा हो गया है। धूल और खराब सड़क के चलते न केवल विद्यार्थियों को परेशानी होती है, बल्कि दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
इस मार्ग से चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के इंजीनियरिंग, फार्मेसी, आयुर्वेद, लॉ, एमबीए, साइंस और कॉमर्स सहित विभिन्न संकायों के विद्यार्थी रोजाना आवागमन करते हैं। इसके अलावा होली क्रॉस सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राएं भी इसी सड़क का इस्तेमाल करते हैं।
विद्यार्थियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की बदहाल स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जल्द मरम्मत कराई जाए और स्थायी समाधान के लिए नए सिरे से सड़क का निर्माण किया जाए, ताकि विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।




