CG BREAK: विद्युत विभाग के 4.30 करोड़ रुपये के गबन का खुलासा, विभागीय कर्मचारी गिरफ्तार

0 रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्रों में हुई वित्तीय अनियमितता, वर्ष 2019-20 से 2022-23 के बीच किया गया गबन
कवर्धा, 18 नवंबर। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में विद्युत विभाग में 4 करोड़ 30 लाख रुपये से अधिक के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। पिपरिया थाना पुलिस ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के दो विद्युत वितरण केंद्रों में करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितता के आरोप में विभागीय कर्मचारी मनोज साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कुल 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये के गबन का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, रवेली विद्युत वितरण केंद्र में 3 करोड़ 17 लाख 90 हजार 699 रुपये और मरका विद्युत वितरण केंद्र में 1 करोड़ 12 लाख 69 हजार 171 रुपये की वित्तीय अनियमितता पाई गई है। दोनों केंद्रों में सामने आए मामलों की कुल राशि 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये है। शिकायत मिलने के बाद पिपरिया थाना पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचना और गबन सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि आरोपी मनोज साहू वर्ष 2019-20 से 2022-23 के दौरान रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्रों में पदस्थ था। इस दौरान उसने कंपनी की राशि बैंक खाते में जमा नहीं कराई। मामले में पूछताछ के दौरान आरोपी ने गबन से संबंधित कृत्य स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई SP जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में TI नितिन तिवारी और पिपरिया पुलिस टीम द्वारा की गई। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।



