International

ढाका में देसी बम धमाके, आगजनी और तोड़फोड़; मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में लगाई आग

ढाका। बांग्लादेश की राजधानी में तड़के देसी बमों के धमाके हुए, जबकि चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगा दी गई। यह अशांति पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व वाली प्रतिबंधित अवामी लीग द्वारा गुरुवार को बुलाए गए लॉकडाउन के बाद हुई।पुलिस और चश्मदीदों ने बताया कि कम से कम चार लोग घायल हुए हैं। चश्मदीदों के अनुसार, कड़ी सुरक्षा के बावजूद ढाका में कई जगहों पर देसी बमों के धमाके हुए, आगजनी की गई और तोड़फोड़ की गई।

आवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमला

बांग्लादेश के अलग-अलग हिस्सों में ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं में आग लगाए जाने के बाद अज्ञात उपद्रवियों ने चट्टोग्राम के पंचलाइश इलाके में यूनुस के पैतृक घर को भी आग के हवाले कर दिया। अखबारों की रिपोर्ट के अनुसार, प्रतिद्वंद्वी कार्यकर्ताओं ने रात भर में ढाका में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमला किया या उनमें आग लगा दी।

पुलिस ने बताया कि उन्होंने रात भर में सुरक्षा बढ़ा दी है और राजधानी के प्रमुख फ्लाईओवर पर और अधिक जवानों को तैनात किया है। साथ ही, अधिकारियों को प्रवेश और निकास बिंदुओं पर वाहनों की जांच करते और मोटरसाइकिल सवारों तथा संदिग्ध वाहनों के चालकों से पूछताछ करते देखा गया।अवामी लीग ने ऐसे समय में लॉकडाउन का आह्वान किया है, जब पिछले साल एक विशेष ट्रिब्यूनल ने हसीना को मानवता के खिलाफ अपराध करने के आरोप में उनकी अनुपस्थिति में मुकदमा चलाकर मौत की सजा सुनाई थी।

संवेदनशील जिलों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील जिलों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के हजारों अर्धसैनिक जवानों को तैनात किया गया है। इनमें हसीना का जन्मस्थान, दक्षिण-पश्चिमी गोपालगंज जिला भी शामिल है।

BDnews24 के अनुसार, लॉकडाउन से पहले केवल ढाका में पुलिस ने 24 घंटे के अभियान में 565 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें हसीना के मंत्रिमंडल के पूर्व शिक्षा मंत्री नूरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं, जिन्हें बुधवार आधी रात को ढाका स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया।

रहमान ने आवामी लीग को आतंकवादी संगठन दिया करार

बुधवार रात प्रधानमंत्री तारिक ने अवामी लीग की वापसी को रोकने के लिए लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने अवामी लीग को एक आतंकवादी संगठन और गिरी हुई, पराजित और सत्ता से बाहर की गई फासीवादी ताकत करार दिया और उसे निर्णायक रूप से हराने के लिए कदम उठाने को कहा।

मौजूदा संसदीय सत्र की अंतिम बैठक में अपने संबोधन से पहले उन्होंने पार्टी के सांसदों से मुलाकात की और उनसे तुरंत अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लौटने को कहा ताकि वे जमीनी स्तर पर लोगों के बीच अपनी मौजूदगी बनाए रखें।

सत्ताधारी पार्टी के दो नेताओं की मौत

पुलिस ने बताया कि पश्चिमी नरेल जिले में अवामी लीग के कार्यकर्ताओं द्वारा बीएनपी के एक मार्च पर हमला किए जाने के दौरान सत्ताधारी पार्टी के दो स्थानीय नेता मारे गए। इसके अलावा, मंगलवार और बुधवार की रात दक्षिण-पश्चिमी फरीदपुर और पिरोजपुर में हुई हिंसा में दो और लोग मारे गए जिनमें एक स्थानीय बीएनपी नेता और एक ट्रांसपोर्ट वर्कर शामिल थे।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बीएनपी के कम से कम दो कार्यालयों और एक बीएनपी नेता के घर में आग लगा दी गई। वहीं, पिछले दो दिनों में बांग्लादेश के अलग-अलग हिस्सों में अवामी लीग पार्टी के कम से कम दो कार्यालयों और प्रतिबंधित पार्टी के नेताओं की पांच संपत्तियों को आग के हवाले कर दिया गया। इस दौरान, देश के 64 प्रशासनिक जिलों में से 28 जिलों में दर्जनों देसी बम फोड़े गए और वाहनों को आग लगा दी गई।

Related Articles

Back to top button