Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 34 चालक गिरफ्तार

सभी 34 वाहनों को किया गया जब्त, मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत होगी कार्रवाई; जिलेभर में नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की हुई जांच

जांजगीर-चांपा, 19 नवंबर 2026। जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने, अपराधों पर नियंत्रण रखने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। SP विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में 18 नवंबर की देर शाम जिलेभर में सघन नाकाबंदी एवं पिकेट वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 34 चालकों को पकड़कर उनके वाहन जब्त किए गए। सभी के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

अभियान के तहत अतिरिक्त SP डॉ. यूलैंडन यार्क एवं अतिरिक्त SP (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर नाकाबंदी कर चेकिंग पॉइंट बनाए गए, जहां से गुजरने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई।

इस दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी। वाहन चालकों की जांच के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए 34 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर ही उनके वाहनों को जब्त कर लिया। जब्त किए गए सभी वाहनों को पृथक से न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करना है। शराब पीकर वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध नियंत्रण एवं सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के नाकाबंदी और वाहन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब पीकर कभी वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करें। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम जनता का सहयोग आवश्यक है।

Related Articles

Back to top button