जांजगीर-चांपा में बाढ़ का संकट: शबरी पुल के ऊपर 6 फीट पानी, शिवरीनारायण से टूटा संपर्क; निचली बस्तियों में भरा पानी

जांजगीर-चांपा, 27 सितम्बर। जिले में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के बाद नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। महानदी के उफान पर आने से शिवरीनारायण नगर और आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नगर के शबरी पुल के ऊपर करीब 6 फीट पानी बह रहा है, जिसके चलते जांजगीर और शिवरीनारायण के बीच सड़क संपर्क पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
महानदी का जलस्तर बढ़ने से नदी का पानी तटों को पार कर निचले इलाकों में पहुंच गया है। बिलासपुर रोड और केरा रोड में भी पानी भर गया है। नगर की निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति गंभीर होने के बाद प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वार्ड नंबर एक में पानी भरने के कारण लोगों को सांस्कृतिक भवन में ठहराया गया है। वहीं, मेला ग्राउंड में भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है।

जलभराव के कारण कई इलाकों में आवागमन प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोग जरूरी काम के लिए नाव के जरिए आवाजाही करने को मजबूर हैं। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य की तैयारी की गई है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए जिला प्रशासन ने एसडीआरएफ की टीम तैनात की है। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों के लिए अलग-अलग स्थानों पर भोजन, पेयजल और ठहरने की व्यवस्था भी की गई है। राहत टीमों को जरूरत के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में भेजा जा रहा है।

लगातार बारिश और महानदी के बढ़ते जलस्तर के कारण शिवरीनारायण क्षेत्र में स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।




