हाउसिंग बोर्ड रामपुर कॉलोनी में बार-बार बिजली कटौती से रहवासी परेशान, ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग से बढ़ा खतरा

कोरबा, 27 सितंबर। शहर की हाउसिंग बोर्ड रामपुर कॉलोनी में बार-बार बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से कॉलोनीवासी परेशान हैं। आए दिन मेंटेनेंस के नाम पर बिजली बंद किए जाने से रहवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को भी 33 केवी न्यू बालको फीडर और 11 केवी डिंगापुर फीडर के साथ रामपुर हाउसिंग बोर्ड सब स्टेशन में मेंटेनेंस कार्य के चलते सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहने का संदेश कॉलोनीवासियों को मिला। लगातार इस तरह के संदेश मिलने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। कॉलोनी अध्यक्ष सौरभ श्रीवास, उपाध्यक्ष शिवम पांडे सहित अन्य रहवासियों द्वारा कई बार आवेदन देकर समस्या के निराकरण की मांग की गई है। इसके बावजूद अब तक न तो संबंधित निरीक्षण किया गया और न ही ऐसी व्यवस्था बनाई गई जिससे बार-बार होने वाली बिजली समस्या से राहत मिल सके।
रहवासियों के अनुसार बिजली विभाग के अधिकारियों से समस्या के संबंध में जानकारी मांगने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। वहीं, शिकायत के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने का प्रयास करने पर भी कॉल कनेक्ट नहीं होने की शिकायत सामने आ रही है। इससे लोगों के सामने अपनी शिकायत दर्ज कराने और समस्या की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में परेशानी हो रही है।
सबसे गंभीर समस्या रामपुर हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में स्थापित ट्रांसफार्मर में लगातार हो रही स्पार्किंग को लेकर बताई जा रही है। रहवासियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के आसपास बच्चे भी खेलते रहते हैं। ऐसे में लगातार स्पार्किंग होना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। कॉलोनीवासियों ने संबंधित विभाग से ट्रांसफार्मर का तत्काल निरीक्षण कराने, आवश्यक मरम्मत कार्य करने तथा बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि केवल मेंटेनेंस के लिए बिजली बंद करने की सूचना देने के बजाय बार-बार सामने आ रही मूल समस्या का स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है।




