इंजीनियरिंग की नौकरी छोड़ बना क्रिकेटर, 140 की रफ्तार से झटके 22 विकेट, जानिए कौन हैं अंशुमन हुड्डा…

नई दिल्ली, 04 सितंबर : दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में अपनी रफ्तार और तीखी गेंदबाजी से सनसनी मचाने वाले तेज गेंदबाज अंशुमन हुड्डा की कहानी किसी फिल्म से कम नहीं है. साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले 25 साल के अंशुमन ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 22 विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम की. कभी क्रिकेट छोड़ने का मन बना चुके और कॉर्पोरेट दफ्तर के लैपटॉप में उलझे इस युवा खिलाड़ी ने 140 किमी/घंटा की रफ्तार से गेंद फेंककर भारतीय घरेलू क्रिकेट में जोरदार दस्तक दी है.
रोलर स्केटर से इंजीनियर बनने का सफर
दिल्ली के एक साधारण परिवार से आने वाले अंशुमन की मां प्रेमलता सिंह दिल्ली नगर निगम (MCD) स्कूल में प्राइमरी टीचर हैं, वहीं उनके बड़े भाई विक्रम हुड्डा भी इंजीनियर रहे हैं. अंशुमन का बचपन क्रिकेट एकेडमी में नहीं, बल्कि स्केटिंग ट्रैक पर बीता है. अंशुमन शुरुआत में नेशनल लेवल के रोलर स्केटर थे. उन्होंने दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) से प्रोडक्शन एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में डिग्री पूरी की है. 2023 में कॉलेज कैंपस प्लेसमेंट के जरिए ही उन्होंने नौकरी हासिल की थी.
क्रिकेटर कैसे बने अंशुमन हुड्डा?
अंशुमन का क्रिकेट का सफर काफी देर से शुरू हुआ. उन्होंने कोई एज-ग्रुप क्रिकेट नहीं खेली थी. कॉलेज के दिनों में वो सिर्फ टेनिस-बॉल क्रिकेट खेला करते थे. 2019 में डीटीयू में ट्रेनिंग देने वाले और पश्चिम विहार में दिल्ली क्रिकेट हब चलाने वाले कोच हरीश डागर ने अंशुमन के आर्म-स्पीड, मजबूत शरीर और एथलेटिसिज्म को पहचाना और उन्हें तेज गेंदबाजी करने की सलाह दी. कॉलेज के बाद अंशुमन ने दो साल तक दिल्ली की अंडर-23 टीम के ट्रायल्स दिए, लेकिन कोई पूर्व रिकॉर्ड न होने के कारण वे जगह नहीं बना सके.
2023 में जब वो खेल छोड़ने का फैसला कर रहे थे, तब कोच डागर ने उन्हें एक साल और देने के लिए मनाया. वर्क फ्रॉम होम की नौकरी के बीच अंशुमन दिन में ऑफिस का काम करते और रात को नेट्स पर घंटों पसीना बहाते. इसी मेहनत ने उनके लिए दिल्ली प्रीमियर लीग का दरवाजा खोल दिया.
DPL 2026 में सनसनीखेज प्रदर्शन और आंकड़े
अंशुमन को असली पहचान दिल्ली प्रीमियर लीग से मिली. साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के लिए खेलते हुए उन्होंने अपनी रफ्तार में वैरिएशंस और सटीक लाइन-लेंथ जोड़ी. DPL 2026 में कुल 22 विकेट चटकाकर वो पूरे टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाज बने. लगातार 140 किमी/घंटा की गति से गेंदबाजी करते हुए उन्होंने दिग्गजों का ध्यान खींचा. : टीम मालिक शिखर धवन ने खुद उनके खेल की सराहना की. अब उनकी नजर आईपीएल में जगह बनाने पर रहने वाली है.




