Chhattisgarh

रायगढ़ की बदलेगी तस्वीर: वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विकास परियोजनाओं का किया मैराथन निरीक्षण…

रायगढ़, 4 सितंबर 2026। रायगढ़ शहर को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए चल रही विकास परियोजनाओं को गति देने की दिशा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शुक्रवार को शहर की प्रमुख परियोजनाओं का मैराथन निरीक्षण किया। उन्होंने ऑक्सीजोन, पुल, केलो रिवर फ्रंट, मरीन ड्राइव, नालंदा परिसर, खेल सुविधाओं और अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।

वित्त मंत्री ने दूध डेयरी ऑक्सीजोन से निरीक्षण की शुरुआत की। इसके बाद गोवर्धनपुर में केलो नदी पर निर्माणाधीन पुल, खर्राघाट स्थित केलो रिवर फ्रंट, नालंदा परिसर, एसईसीएल रोड मरीन ड्राइव, कयाघाट पुल, मिनी स्टेडियम स्थित स्केटिंग रिंग, कौहाकुंडा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, स्टेडियम और एफसीआई ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया।

ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, इंजीनियर और निर्माण एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य पूरा करना नहीं, बल्कि शहर की अधोसंरचना को मजबूत कर नागरिकों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है। उन्होंने सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

रिंग रोड से यातायात की समस्या होगी कम

वित्त मंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास के अनुरूप रायगढ़ में लंबे समय तक अपेक्षित स्तर की अधोसंरचना विकसित नहीं हो सकी। इसके चलते शहर को भारी वाहनों, यातायात दबाव, दुर्घटनाओं, धूल और प्रदूषण जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। अब इन चुनौतियों के स्थायी समाधान के लिए बड़े अधोसंरचनात्मक कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने रिंग रोड परियोजना को रायगढ़ के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रथम चरण में घरघोड़ा रोड को झारसुगुड़ा रोड से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इस परियोजना पर 400 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने की संभावना है। भविष्य में रायगढ़ से घरघोड़ा तक सड़क को फोरलेन करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।

अगले एक-दो वर्षों में दिखेगा बदलाव

ओपी चौधरी ने कहा कि आने वाले एक-दो वर्षों में रायगढ़ के विकास की तस्वीर जमीन पर स्पष्ट दिखाई देगी। शहर में बेहतर सड़कें, नए पुल, हरित क्षेत्र, आधुनिक सार्वजनिक सुविधाएं और मजबूत अधोसंरचना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभागीय अधिकारी, इंजीनियर और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button