Sports

10 साल तक घटाई उम्र! U19 वर्ल्ड कप विजेता समेत 65 खिलाड़ियों पर लगा बैन, सामने आए चौंकाने वाले फर्जीवाड़े

नई दिल्ली, 04 सितंबर :65 Bengal Cricketers Banned in Age Fraud: बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन (CAB) ने उम्र के फर्जीवाड़े और फर्जी दस्तावेजों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है. सीएबी ने आधिकारिक जांच के बाद कुल 65 खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन और ट्रांसफर पर बैन लगा दिया है. इस कड़े फैसले के चलते ये सभी 65 क्रिकेटर आगामी दो घरेलू सीजन 2026-27 और 2027-28 के दौरान किसी भी टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाएंगे.

अंडर-19 वर्ल्ड कप स्टार रवि कुमार की उम्र में झोल

सजा पाने वालों में बंगाल की ओर से खेल चुके एज-ग्रुप के 12 क्रिकेटर भी शामिल हैं, जिनकी जन्मतिथि में कई सालों का अंतर पाया गया है. इनमें सबसे चर्चित नाम भारत को 2022 अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाले तेज गेंदबाज रवि कुमार और लेग स्पिनर रोहित यादव का है. अलीगढ़ के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रवि कुमार ने 2022 में वेस्टइंडीज में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी. उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में 34 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे और पूरे टूर्नामेंट के 6 मुकाबलों में 10 विकेट झटके थे.

सीएबी के आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, रवि कुमार के जन्म प्रमाण पत्र में 45 महीने का भारी अंतर पाया गया है. इस फर्जीवाड़े के सामने आने से 2021-22 से लेकर 2025-26 सीजन तक अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर टीम में उनकी भागीदारी के रिकॉर्ड अवैध घोषित हो गए हैं.

रोहित यादव पर BCCI का 2 साल का बैन

हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली अहम सीरीज के लिए भारत की अंडर-19 टीम में चुने गए लेग स्पिनर रोहित यादव पर भी बीसीसीआई ने 2 साल का बैन लगा दिया है. सीएबी के मुताबिक, रोहित के दस्तावेजों में सवा दो साल की गड़बड़ी पकड़ी गई है. वहीं, बोर्ड ने सभी राज्य बोर्ड्स को इस संबंध में अलर्ट जारी कर दिया है, जिससे उनका 2024-25 और 2025-26 का सफर पूरी तरह रुक गया है.

लगभग 10 साल का फर्जीवाड़ा

बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन की लिस्ट में शामिल एज-ग्रुप के 12 क्रिकेटरों के रिकॉर्ड काफी चौंकाने वाले हैं. अरुण कुमार चौरसिया की उम्र में 115 महीने (9.5 साल से ज्यादा) का अंतर मिला है. वहीं, महिपाल यादव की उम्र में 8 साल से ज्यादा का झोल मिला. इसके अलावा प्रभात मौर्य की उम्र में 57 महीने का अंतर पाया गया है. अमृत राज उपाध्याय (48 महीने), दिलशाद खान (46 महीने), अनुभव त्यागी (36 महीने), कुणाल कुमार (35 महीने), विनीत मौर्य (32 महीने), कुशल गुप्ता (26 महीने) और परमित सिंह (12 महीने) के नाम भी इस लिस्ट में शामिल हैं.

Related Articles

Back to top button