Chhattisgarh

मुख्यमंत्री साय ने मदकू में दी 68.96 करोड़ की विकास सौगात, ट्रॉमा सेंटर और इको टूरिज्म सेंटर की घोषणा

मुंगेली, 25 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को मुंगेली जिले के ग्राम मदकू में आयोजित कार्यक्रम में 68 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपये की लागत के 21 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, बिजली, खेल और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों की घोषणा की। मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित आंगन मिलन सेवा, रक्तदान एवं नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर में भी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार का संकल्प विकास की गति को तेज करने के साथ शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। गांवों में बेहतर सड़क, स्वास्थ्य सुविधाएं, पोषण और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ यही है कि नागरिकों को छोटे-छोटे कामों के लिए भटकना न पड़े और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो।

उन्होंने सेवा संकल्प अभियान को जनसेवा और जनभागीदारी को मजबूत करने वाला अभियान बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। आंगन मिलन कार्यक्रम के माध्यम से परिवार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और स्वास्थ्यकर्मी मिलकर बच्चों के पोषण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, एनीमिया, टीकाकरण और स्वच्छता जैसे विषयों पर जागरूकता बढ़ा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने मेगा स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे लोगों से स्वास्थ्य जांच का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तचाप, मधुमेह और एनीमिया जैसी बीमारियों की समय पर पहचान होने से उपचार अधिक प्रभावी हो सकता है। उन्होंने रक्तदान करने वाले लोगों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

मदकू में बनेगा इको टूरिज्म सेंटर, सरगांव में ट्रॉमा सेंटर

मुख्यमंत्री साय ने मदकू द्वीप के ऐतिहासिक, धार्मिक और पुरातात्विक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ विरासत संरक्षण को भी प्राथमिकता दे रही है। मदकू द्वीप में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर विकसित होंगे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ट्रॉमा सेंटर शुरू करने की घोषणा की। इसके अलावा पिपरडोल और लमती की प्राथमिक शालाओं को मिडिल स्कूल में उन्नत करने की घोषणा की गई। ताला महोत्सव और मदकू द्वीप उत्सव के आयोजन के लिए 15-15 लाख रुपये देने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की।

पथरिया के अवंती बाई लोधी कॉलेज में रानी अवंती बाई लोधी की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने के लिए 25 लाख रुपये, मदकू द्वीप में इको टूरिज्म सेंटर के लिए 75 लाख रुपये और भाटापारा में इनडोर स्टेडियम निर्माण की घोषणा की गई। भाटापारा क्षेत्र के 10 गांवों में 10-10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण, मदकू और तुमाढेठा में 33 केवी सब स्टेशन, चंदखुरी की कोर बस्ती में भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये तथा मदकू में सामुदायिक भवन निर्माण की भी घोषणा की गई।

21 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने 34 करोड़ 77 लाख 19 हजार रुपये की लागत से पूर्ण 21 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 34 करोड़ 19 लाख 77 हजार रुपये की लागत के नए कार्यों का शिलान्यास किया। लोकार्पित कार्यों में लोक निर्माण विभाग के तहत लोरमी विधानसभा क्षेत्र के 20 करोड़ 07 लाख 61 हजार रुपये के आठ कार्य और बिल्हा विधानसभा क्षेत्र का 10 करोड़ 68 लाख 06 हजार रुपये का एक कार्य शामिल है। इसके अलावा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा पुलिस विभाग से जुड़े कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।

शिलान्यास किए गए कार्यों में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत मुंगेली विधानसभा क्षेत्र का 8 करोड़ 04 लाख 63 हजार रुपये का एक कार्य शामिल है। लोक निर्माण विभाग के तहत मुंगेली विधानसभा क्षेत्र में 20 करोड़ 88 लाख 29 हजार रुपये के तीन और बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में 4 करोड़ 83 लाख 85 हजार रुपये के दो कार्यों की आधारशिला रखी गई। बिल्हा क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 43 लाख रुपये के कार्य का भी शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से मुंगेली, लोरमी और बिल्हा विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य अधोसंरचना और अन्य जनसुविधाओं का विस्तार होगा।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समाजसेवी स्वर्गीय शांताराम सराफ को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शांताराम सराफ ने मदकू द्वीप के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व को सामने लाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मदकू द्वीप छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है और राज्य सरकार इसके संरक्षण एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल, वाणिज्य एवं उद्योग तथा जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन, बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल सहित अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button