कोरबा में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली, 500 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

- बाल विवाह रोकथाम के लिए दिलाई गई सामूहिक शपथ, कलेक्टोरेट परिसर से घंटाघर ऑडिटोरियम तक निकाली गई रैली
कोरबा, 27 नवंबर 2026। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को कोरबा में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय जनजागरूकता रैली निकाली गई। भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार 27 नवंबर को बाल विवाह, बाल्यावस्था एवं जबरन विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, पंचायत कर्मियों, युवाओं सहित 500 से अधिक लोगों ने भाग लिया।
जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वयंसेवी संस्थाओं एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन और हार्ड संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम बाल विवाह के सामाजिक दुष्परिणामों और इसकी रोकथाम की आवश्यकता पर विचार रखे गए। इस दौरान बाल विवाह मुक्त कोरबा के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जिला पंचायत संसाधन केंद्र के संकाय सदस्य लक्ष्मीकांत साहू, ग्राम पंचायत कोलगा की पंचायत सचिव सूरज कुमारी और एकीकृत बाल विकास परियोजना कोरबा शहरी की सेक्टर पर्यवेक्षक स्वाति राठौर को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह रोकने, बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, नगर निगम सभापति नूतन ठाकुर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डिम्पल भेड़िया और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली कलेक्टोरेट एवं जिला पंचायत परिसर से शुरू होकर कोसाबाड़ी चौक, सुभाष चौक और निहारिका होते हुए घंटाघर स्थित ओपन थिएटर ऑडिटोरियम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता का संदेश देते हुए लोगों से इस कुप्रथा को समाप्त करने के लिए आगे आने की अपील की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य माया रूपेश कंवर, रामेश्वर कंवर, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी गजेंद्र देव सिंह, जिला बाल संरक्षण अधिकारी दया दास महंत, चाइल्ड राइट्स एसोसिएट नीलू पटेल, हार्ड संस्था के जिला समन्वयक गोपाल प्रसाद यादव, स्रोत संस्था के संचालक डिक्शन मसीह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड के सदस्यों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, किशोरी बालिकाओं और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि बाल विवाह की रोकथाम केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। बाल विवाह मुक्त कोरबा के निर्माण के लिए समाज के सभी वर्गों से जागरूकता और सामूहिक प्रयास जारी रखने का आह्वान किया गया।




