Chhattisgarh

सेवा संकल्प अभियान: अंबिकापुर के आस्था निकुंज वृद्धाश्रम में 25 वरिष्ठजनों को बांटे वस्त्र और फल, मंत्री राजेश अग्रवाल ने जाना कुशलक्षेम

अंबिकापुर, 25 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा, संवेदना और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंबिकापुर के अजीरमा स्थित आस्था निकुंज वृद्धाश्रम में वरिष्ठजनों के सम्मान और सेवा का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल तथा नगर निगम महापौर मंजूषा भगत ने वृद्धाश्रम में निवासरत 25 वरिष्ठजनों को वस्त्र और फल वितरित किए। इस दौरान मंत्री ने वरिष्ठजनों से आत्मीय संवाद कर उनके स्वास्थ्य और कुशलक्षेम की जानकारी ली तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि वरिष्ठजन समाज के मार्गदर्शक और आधारस्तंभ हैं। उनके जीवन के अनुभव, संघर्ष और जीवन मूल्य नई पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण धरोहर हैं। वरिष्ठजनों का सम्मान और उनकी सेवा केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवीय एवं नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के साथ कुछ समय बिताकर उनकी आवश्यकताओं को समझना और उन्हें सम्मान देना सेवा का महत्वपूर्ण स्वरूप है।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा और संवेदना की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। जनभागीदारी के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अभियान के तहत सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सेवा तभी सार्थक होती है, जब उसमें अपनत्व और संवेदना का भाव शामिल हो।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने अपने हाथों से वरिष्ठजनों को वस्त्र और फल प्रदान किए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों को वस्त्र देते हुए उनके साथ समय बिताना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना आत्मीय अनुभव रहा। फल वितरण के दौरान वृद्धाश्रम में रहने वाले वरिष्ठजनों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान दिखाई दी। कार्यक्रम ने वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना को मजबूत किया।

मंत्री अग्रवाल ने समाज के लोगों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से अपनी क्षमता के अनुसार सेवा कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे सेवा कार्य भी किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में बड़ी खुशी ला सकते हैं। वरिष्ठजनों, जरूरतमंदों और वंचित वर्गों की सहायता के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और संवेदना की भावना को निरंतर मजबूत करने का प्रयास है।

अजीरमा स्थित आस्था निकुंज वृद्धाश्रम का संचालन रॉबर्ट कानन बाला स्मृति सेवा संस्थान द्वारा वर्ष 1993 से किया जा रहा है। समाज कल्याण विभाग से अनुदान सहायता प्राप्त संस्था के माध्यम से वरिष्ठजनों को आश्रय और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम से वरिष्ठजनों के प्रति सामाजिक सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिला।

कार्यक्रम में कलेक्टर अजीत वसंत, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, उपसंचालक समाज कल्याण, वृद्धाश्रम के प्रबंधक सहित जिले के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button