Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा के ग्राम भाड़ेसर में महिला कमांडो के साथ CSP ने की पैदल पेट्रोलिंग, ग्रामीणों को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

जांजगीर-चांपा, 27 नवंबर 2026। जिले में महिला सुरक्षा और अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना पामगढ़ क्षेत्र के ग्राम भाड़ेसर में CSP कोतवाली जांजगीर योगिताबाली खापर्डे ने महिला कमांडो के साथ पैदल पेट्रोलिंग कर ग्रामीणों को सुरक्षा और अपराधों के प्रति जागरूक किया।

SP विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस दौरान महिला एवं बालिका सुरक्षा, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, नशाखोरी, साइबर ठगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसे अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

CSP योगिताबाली खापर्डे ने महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में बिना संकोच पुलिस को सूचना देने और तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नशामुक्ति और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संदेश भी दिया गया।

पैदल पेट्रोलिंग का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करना, आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखना है। इसके साथ ही पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगातार जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि अपराधों की रोकथाम के साथ सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सके।

Related Articles

Back to top button