Chhattisgarh

मानवता की मिसाल बनीं प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल, घायल युवक को खुद पहुंचाया जिला अस्पताल

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले की प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने मानवता और संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए सड़क दुर्घटना में घायल युवक की तत्काल मदद कर उसे समय पर अस्पताल पहुंचाकर लोगों का दिल जीत लिया। उनकी इस त्वरित और मानवीय पहल की जिलेभर में सराहना हो रही है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार 13 मई 2026 को दोपहर करीब 2:15 बजे शासकीय कन्या महाविद्यालय जांजगीर मेन रोड पर एक मोटरसाइकिल चालक सड़क हादसे में घायल हो गया। दुर्घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई थी। इसी बीच प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल वहां से गुजर रही थीं। जैसे ही उनकी नजर घायल युवक पर पड़ी, उन्होंने बिना देर किए तत्काल वाहन रुकवाया और स्थिति का जायजा लिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए घायल युवक को स्वयं अपने शासकीय वाहन में बैठाकर जिला अस्पताल जांजगीर पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने के बाद उन्होंने डॉक्टरों को घायल युवक का समुचित और त्वरित उपचार करने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक की इस संवेदनशीलता और तत्परता से युवक को समय पर इलाज मिल सका।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक का यह व्यवहार बेहद प्रेरणादायक रहा। आमतौर पर वीआईपी मूवमेंट के दौरान लोग दूरी बनाए रखते हैं, लेकिन निवेदिता पाल ने इंसानियत को प्राथमिकता देते हुए घायल युवक की मदद कर एक सकारात्मक संदेश दिया है।

जिले के लोगों ने पुलिस अधीक्षक की इस पहल की जमकर सराहना की है। सोशल मीडिया पर भी लोग उनकी संवेदनशीलता और तत्परता की तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह की मानवीय सोच और जिम्मेदार कार्यशैली से पुलिस के प्रति आम जनता का भरोसा और मजबूत होता है।

Related Articles

Back to top button