बालको प्लांट की कनेक्टिविटी होगी बेहतर, 29.98 करोड़ से बनेगा फोरलेन मार्ग

कोरबा,27 सितम्बर 2026। बालको प्लांट और बालको नगर की शहर से कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बजरंग चौक से परसाभांठा होते हुए रिंग रोड स्थित टाटा मोटर्स तक 2.20 किलोमीटर लंबे मार्ग को फोरलेन बनाने के लिए 29.98 करोड़ रुपए की मंजूरी मिली है। इस सड़क के फोरलेन बनने से बालको प्लांट सहित बालको नगर आने-जाने वाले कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों और अन्य लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रस्ताव पर बालको प्रबंधन ने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) मद से 29.98 करोड़ रुपए की राशि जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई है। जिला प्रशासन ने इस सड़क निर्माण कार्य के लिए नगर पालिक निगम कोरबा को कार्यदायी संस्था नियुक्त करते हुए आवश्यक पत्र जारी कर दिया है। अब निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
बालको प्लांट और बालको नगर को कोरबा शहर से जोड़ने वाला यह मार्ग यातायात की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। मार्ग के फोरलेन में विकसित होने से सड़क की क्षमता बढ़ेगी और आवागमन अधिक व्यवस्थित होने की उम्मीद है। विशेषकर बालको औद्योगिक क्षेत्र में प्रतिदिन आने-जाने वाले कर्मचारियों तथा भारी एवं हल्के वाहनों के लिए भी बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।
इसी कनेक्टिविटी कॉरिडोर में बजरंग चौक से ध्यानचंद चौक होते हुए दर्री बैराज तक सड़क निर्माण का कार्य डीएमएफ मद से पहले ही शुरू हो चुका है। बारिश के कारण फिलहाल निर्माण कार्य की गति प्रभावित है। बारिश समाप्त होने के बाद काम में तेजी आने की संभावना है। इन दोनों सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से बालको प्लांट से कोरबा शहर और आसपास के क्षेत्रों तक आवागमन को और सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा शहर के सीएसईबी चौक से टीपी नगर चौक तक सड़क डामरीकरण के लिए डीएमएफ मद से 1.88 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली है। पूर्व में स्वीकृत 25 करोड़ रुपए से अधिक के सड़क विकास कार्यों की निविदा प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। 15 अक्टूबर से शहर के प्रमुख मार्गों पर डामरीकरण कार्य शुरू करने की तैयारी है। सड़क विकास की इन परियोजनाओं से बालको प्लांट की कनेक्टिविटी के साथ कोरबा शहर की समग्र यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सुधार होने की उम्मीद है।




