Chhattisgarh

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की तत्परता, 16 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला

रायपुर, 27 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राज्य शासन एवं जिला प्रशासन द्वारा राहत और बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमें कठिन परिस्थितियों के बीच प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटी हैं। अब तक 16,074 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। बस्तर और बीजापुर जिले के दुर्गम एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को निकालने के लिए हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली गई।

27 सितंबर 2026 तक प्रदेश के 571 गांवों के 22,377 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा 173 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां 17,540 लोगों को आश्रय दिया गया है। राहत शिविरों में प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दवाइयों सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार राहत शिविरों का संचालन जारी रखा गया है।

बाढ़ के कारण प्रदेश में अब तक 199 मकान पूरी तरह तथा 1,155 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व अमले द्वारा मकानों एवं अन्य संपत्तियों को हुई क्षति का सर्वेक्षण और आकलन किया जा रहा है। पात्र प्रभावित परिवारों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC 6-4) के प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।

अतिवृष्टि और बाढ़ से संबंधित घटनाओं में 8 लोगों की जनहानि तथा 172 पशुहानि की सूचना मिली है। संबंधित जिला प्रशासन को प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार राहत राशि उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य शासन द्वारा बाढ़ की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है। प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, राहत शिविरों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और बाढ़ से हुई क्षति का शीघ्र आकलन कर पात्र परिवारों को समयबद्ध आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button