Chhattisgarh

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में धान के अवैध भंडारण पर प्रशासन की कार्रवाई, सालर में 98 कट्टा धान जब्त

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 17 नवंबर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच धान के अवैध भंडारण और परिवहन पर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में प्रशासनिक टीम ने तहसील भटगांव क्षेत्र में साहू ट्रेडर्स, अंतरजिला चेकपोस्ट सलिहा घाट और धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। वहीं, सालर में अवैध भंडारण की जांच के दौरान 98 कट्टा धान जब्त किया गया।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर बिलाईगढ़ एसडीएम शिक्षा शर्मा के मार्गदर्शन में तहसीलदार भटगांव प्रकाश पटेल ने मंगलवार को विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साहू ट्रेडर्स, सलिहा घाट अंतरजिला चेकपोस्ट और धान खरीदी केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को धान खरीदी एवं निगरानी व्यवस्था में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

जिले में बनाए गए 21 चेकपोस्ट

धान के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिले में कुल 21 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इनमें 11 अंतरराज्यीय और 10 अंतरजिला चेकपोस्ट शामिल हैं। इसके अलावा जिले में 80 समितियों के अंतर्गत 95 धान खरीदी केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन सभी केंद्रों और चेकपोस्ट के माध्यम से धान के आवागमन तथा खरीदी प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

सालर में अवैध भंडारण का खुलासा

इसी क्रम में सालर में एसडीएम द्वारा धान के अवैध भंडारण की जांच की गई। जांच के दौरान मौके से 98 कट्टा धान जब्त किया गया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध रूप से धान का भंडारण और परिवहन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निगरानी व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button