Chhattisgarh

बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा

रायपुर, 27 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और आपदा प्रबंधन कार्यों का जायजा लेने राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने रविवार को लखना, बेमता और बलौदीखुर्द गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

राजस्व मंत्री ने प्रभावित गांवों में बाढ़ से हुए नुकसान का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से फसल, मकान, पशुधन और अन्य नुकसान की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। किसी भी पीड़ित परिवार को असहाय नहीं रहने दिया जाएगा।

मंत्री टंक राम वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, शुद्ध पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने फसल क्षति, मकानों और पशुधन के नुकसान का पारदर्शी एवं त्वरित सर्वे कराने के निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार जल्द राहत और मुआवजा मिल सके।

बाढ़ के बाद संक्रामक बीमारियों की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित गांवों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने तथा आवश्यक कीटनाशक और दवा का छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए गए। मंत्री ने अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करने को कहा।

मंत्री के गांवों में पहुंचकर प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद करने पर ग्रामीणों ने आभार जताया। दौरे के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ राजस्व विभाग और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button