अंबेडकर जयंती पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने किया माल्यार्पण, बाबा साहेब को दी श्रद्धांजलि

जांजगीर-चांपा। भारतीय संविधान के शिल्पकार और सामाजिक न्याय के प्रखर अग्रदूत डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जांजगीर इकाई द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें कोटि-कोटि नमन किया।
कार्यक्रम में एबीवीपी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बाबा साहेब के योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नगर सह मंत्री आर्यन सिंह और जिला संयोजक उदय पांडेय सहित परिषद के कई सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने देश को एक मजबूत संविधान दिया और समाज के कमजोर वर्गों को न्याय दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनके विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।




