Raipur Crime : एप्पल स्टोर से 2 करोड़ के आईफोन चोरी मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 4 गिरफ्तार

रायपुर, 26 नवंबर 2026। राजधानी के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर से करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के आईफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने के मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतर्राज्यीय कंजर गिरोह के दो और फरार सदस्यों को मध्यप्रदेश के देवास से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 2 एप्पल वॉच और 1 एयरपॉड भी बरामद किया है। इस मामले में अब तक कुल 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात मरीन ड्राइव स्थित आई नैक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर का शटर उठाकर अज्ञात चोरों ने 173 एप्पल आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड चोरी कर लिए थे। चोरी किए गए सामान की कुल कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई थी। आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे। मामले में दुकान संचालक ऋषभ डागा की शिकायत पर थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 487/26 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच के दौरान अंतर्राज्यीय कंजर गिरोह के सदस्यों की पहचान की। इससे पहले पुलिस ने गिरोह के सरगना राजेश झाला, राज झाला, राजेश लोधी और चोरी के आईफोन खरीदने वाले सफान खान को मामले में आरोपी बनाया था। पुलिस ने पूर्व की कार्रवाई में 125 आईफोन और घटना में इस्तेमाल दोपहिया वाहन जब्त किया था, जिनकी कुल कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई गई थी।
आगे की जांच और पूछताछ के दौरान फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस ने मध्यप्रदेश के देवास जिले में संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान राज झाला और राजेश लोधी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी लगातार अपना लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे। उनके कब्जे से चोरी की 2 एप्पल वॉच और 1 एयरपॉड जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- राज झाला, पिता राजेश झाला, उम्र 20 वर्ष, निवासी टोंककला, थाना टोंकखुर्द, जिला देवास, मध्यप्रदेश।
- राजेश लोधी, पिता बनवारी लोधी, उम्र 35 वर्ष, निवासी टोंककला, थाना टोंकखुर्द, जिला देवास, मध्यप्रदेश।
रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई से करीब 2 करोड़ रुपये के एप्पल स्टोर चोरी मामले में अंतर्राज्यीय गिरोह के सदस्यों की धरपकड़ तेज हुई है। मामले में आगे की जांच जारी है।




