Chhattisgarh

समाचार पत्रों की भूमिका लोकतंत्र के लिये महत्वपूर्ण – डिप्टी सीएम अरूण साव

(अपने जन्मदिन पर मंत्री ने किया ‘भास्कर पथ’ के प्रथम संस्करण का भव्य विमोचन)

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

मुंगेली – छत्तीसगढ़ की सकारात्मक पत्रकारिता के क्षेत्र में एक नई शुरुआत करते हुये मुंगेली से प्रकाशित होने जा रहे समाचार पत्र ‘भास्कर पथ’ के प्रथम संस्करण का विमोचन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव के करकमलों से संपन्न हुआ। उपमुख्यमंत्री अरुण साव के जन्मदिवस के अवसर पर मुंगेली के स्थानीय रेस्ट हाउस मैदान में आयोजित भव्य समारोह में यह महत्वपूर्ण अवसर आया। हजारों की संख्या में उपस्थित नागरिकों , जनप्रतिनिधियों , सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों की मौजूदगी के बीच ‘भास्कर पथ’ का विमोचन समारोह विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उपमुख्यमंत्री के हाथों समाचार पत्र का शुभारंभ होना ना केवल भास्कर पथ परिवार के लिये गौरवपूर्ण उपलब्धि रहा , बल्कि मुंगेली की पत्रकारिता के लिये भी एक महत्वपूर्ण शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। समाचार पत्र के विमोचन के पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मुंगेली की पत्रकारिता परंपरा का उल्लेख करते हुये ‘भास्कर पथ’ के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मुंगेली में पत्रकारिता की एक अच्छी परंपरा रही है और पत्रकारों ने समय-समय पर क्षेत्र की जन समस्याओं एवं जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘भास्कर पथ’ भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुये आम नागरिकों की समस्याओं को पूरी तत्परता और निष्पक्षता के साथ शासन-प्रशासन के समक्ष रखेगा। उपमुख्यमंत्री ने समाचार पत्रों की भूमिका को लोकतंत्र के लिये महत्वपूर्ण बताते हुये जनहित के मुद्दों को प्रमुखता देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उनके द्वारा ‘भास्कर पथ’ के प्रथम संस्करण का विमोचन करना समाचार पत्र की नई यात्रा के लिये एक यादगार अवसर बन गया।

जनता की आवाज बनेगा ‘भास्कर पथ’ – संपादक अक्षय लहरे

‘भास्कर पथ’ के संपादक अक्षय लहरे ने कहा कि समाचार पत्र का उद्देश्य केवल खबरों का प्रकाशन करना नहीं , बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज बनना है। ग्रामीण अंचलों की समस्याओं , किसानों , युवाओं , महिलाओं , शिक्षा , स्वास्थ्य , रोजगार , सड़क , बिजली , पानी और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ प्रकाशित किया जायेगा। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली परेशानियों को भी जिम्मेदारी से सामने रखा जायेगा।उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। ऐसे में ‘भास्कर पथ’ निष्पक्षता , निर्भीकता और जनहित को अपना मूल आधार बनाकर कार्य करेगा। समाचार पत्र किसी व्यक्ति विशेष या वर्ग तक सीमित न रहकर आम जनता की उम्मीदों और आवाज को मंच प्रदान करेगा। संपादक अक्षय लहरे ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा प्रथम संस्करण का विमोचन किये जाने पर आभार जताते हुये कहा कि यह सम्मान पूरी टीम के लिये प्रेरणादायी है। अरुण साव के जन्मदिवस पर मिला यह शुभारंभ भास्कर पथ के लिये केवल विमोचन नहीं, बल्कि निष्पक्ष , निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता की नई पारी का आगाज है। उन्होंने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों , पत्रकारों एवं नागरिकों का भी धन्यवाद किया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर भास्कर पथ के छत्तीसगढ़ स्टेट हेड असीम अग्रवाल के साथ मुंगेली एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पत्रकार कार्यक्रम में शामिल हुये। पत्रकारों ने ‘भास्कर पथ’ के प्रथम संस्करण के प्रकाशन को क्षेत्रीय पत्रकारिता के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया और समाचार पत्र की सफलता की कामना की। कार्यक्रम में पत्रकार अनिल सोनी , मनोज अग्रवाल , योगेश शर्मा , प्रेम आर्य , सुशील शुक्ला , जय ताम्रकर , प्रमोद पाठक , शैलेश पाठक , सुनील पाठक , डेविड बंजारा , प्रीतेश आर्य , मनुराज सोनी , फलित जांगड़े , पीताम्बर खंडे , अरविंद बंजारा , अतुल श्रीवास्तव , मनीष नामदेव , योगेश साहू , परमेश्वर कुर्रे , दिलीप साहू एवं अविनाश कुलमित्र , भास्कर पथ जिला प्रतिनिधि लवजीत सिंह सलूजा उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button