Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ पावर कंपनियों में 1,501 पदों पर भर्ती के लिए डेढ़ लाख से अधिक आवेदन, अंतिम तिथि बढ़ी

रायपुर, 26 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज की तीनों कंपनियों में 1,501 पदों पर होने वाली भर्ती को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। भर्ती के लिए अब तक डेढ़ लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। अभ्यर्थियों की बढ़ती संख्या और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए पावर कंपनी प्रबंधन ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 3 दिसंबर 2026 की रात 11.55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस अवधि में अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करने की सुविधा भी मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी तथा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी में कुल 1,501 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके तहत द्वितीय श्रेणी के 195 तथा तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इन भर्तियों के माध्यम से विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर योग्य अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा।

पावर कंपनी द्वारा जारी भर्ती विज्ञापन के अनुसार कुल 38 प्रकार के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों को लेकर अभ्यर्थियों में सबसे अधिक रुचि देखने को मिल रही है। इस पद के लिए अब तक लगभग 81 हजार आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। तीनों पावर कंपनियों में डाटा एंट्री ऑपरेटर के कुल 609 पद रिक्त हैं। इसके अलावा कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता सहित अन्य तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों के लिए भी बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया है।

भर्ती प्रक्रिया के तहत सभी पदों के लिए कम्प्यूटर आधारित बहुविकल्पीय परीक्षा (Computer Based Test-CBT) आयोजित की जाएगी। परीक्षा में अभ्यर्थियों द्वारा प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। डाटा एंट्री ऑपरेटर पद के लिए मेरिट सूची के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को टाइपिंग टेस्ट से गुजरना होगा। वहीं, स्टेनोग्राफर ग्रेड-III के पदों के लिए निर्धारित दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी।

पावर कंपनी प्रबंधन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे बढ़ाई गई समय-सीमा का लाभ उठाते हुए 3 दिसंबर की रात 11.55 बजे से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया की जानकारी छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट https://cspc.co.in पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले सभी दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button