Chhattisgarh

ktg news : कटघोरा में अधिवक्ता के घर चोरी मामले का खुलासा, 2 के बाद 4 और आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सोना व नकदी बरामद

कोरबा/कटघोरा 2 मई 2026 : कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में अधिवक्ता राकेश पांडेय के घर एक वर्ष पूर्व हुई चोरी की वारदात में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से लंबित इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो गया है।

पुलिस के अनुसार, पहले दो आरोपी अमित खांडे और गौतम कुमार जांगड़े को गिरफ्तार किया गया था। इनसे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे जांच बढ़ाई और चार अन्य आरोपियों—सुशील शुक्ला, गणेश दास, अनिल नामदेव तथा सोने के व्यापारी हिमेश सोनी को जांजगीर-चांपा जिले के चांपा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने चोरी का माल व्यापारी हिमेश सोनी को बेच दिया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़कर उनके पास से चोरी किए गए सामान बरामद किए हैं।

बरामद सामग्री में 10 ग्राम सोने का मंगलसूत्र लॉकेट, 2 जोड़ी पायल, लगभग 3 तोला सोने का बिस्किट और नगदी रकम शामिल है। इस बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले को सुलझाने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। कटघोरा पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित कड़ियों की भी पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Back to top button