जांजगीर-चांपा पुलिस की रिस्पॉन्स टीम ने अपराधियों पर कसा शिकंजा, 24 घंटे मुस्तैद रहकर कर रही त्वरित कार्रवाई

जांजगीर-चांपा, 10 अगस्त 2026। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से गठित जांजगीर-चांपा पुलिस की रिस्पॉन्स टीम लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में 23 जुलाई 2025 से गठित यह टीम 24 घंटे मुस्तैद रहकर अपराध एवं आपात स्थितियों में तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर रही है। टीम का नेतृत्व CSP योगिता बाली खापर्डे कर रही हैं।
रिस्पॉन्स टीम द्वारा जिले में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी के माध्यम से अवैध शराब, गांजा, जुआ-सट्टा तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। हॉट बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, टीम की सक्रियता से पूर्व में 8 किलो गांजा का परिवहन करते दो आरोपियों को पकड़ने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला था। इसके अलावा अलग-अलग दिनों में थाना पुलिस की टीमों के साथ समन्वय कर 154 फरार वारंटियों को पकड़ने में भी रिस्पॉन्स टीम ने विशेष योगदान दिया है।
बैंक, एटीएम और सराफा दुकानों के आसपास भी टीम द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच और आवश्यक कार्रवाई करते हैं।
रिस्पॉन्स टीम को भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, आपराधिक घटनाओं में त्वरित प्रतिक्रिया तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष रूप से सक्रिय रखा गया है। पुलिस का कहना है कि टीम की लगातार सक्रियता से अपराधियों में पुलिस का भय बढ़ा है और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अपराध, संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 94791-93199 पर दें, ताकि रिस्पॉन्स टीम के माध्यम से समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।




