KORBA NEWS:हसदेव बांगो जल विद्युत गृह में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर

कोरबा,29 सितंबर 2026। हसदेव बांगो जल विद्युत गृह मचाटोली में सोमवार, 28 सितंबर 2026 को कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) की दर्री-जमनीपाली डिस्पेंसरी के तत्वावधान में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्लांट में कार्यरत ठेका कर्मचारियों के साथ मचाटोली क्षेत्र के नागरिकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर की गई।
स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चिकित्सक डॉ. संजय राम चेराव ने कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने कर्मचारी राज्य बीमा निगम की स्वास्थ्य सुविधाओं, ईएसआईसी डिस्पेंसरी एवं अस्पताल की सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ईएसआईसी कार्ड के लाभ बताते हुए परिवार के सदस्यों को योजना में शामिल करने की प्रक्रिया भी समझाई। डॉ. चेराव ने बताया कि ईएसआईसी के माध्यम से बीमित कर्मचारियों एवं उनके पात्र परिवारजनों को उपचार और आवश्यक दवाइयों की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कर्मचारियों से ईएसआईसी की स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता (संचालन एवं संधारण), हसदेव बांगो जल विद्युत संयंत्र, राकेश चंद्र गुप्ता ने स्वास्थ्य को जीवन की सबसे महत्वपूर्ण संपत्ति बताते हुए कहा कि मानव शरीर अनमोल है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए तथा समय पर ईएसआईसी की चिकित्सा सुविधा का लाभ लेकर उपचार एवं आवश्यक दवाइयां प्राप्त करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि ईएसआईसी की सुविधाओं का लाभ पात्र परिवार के सदस्यों को भी मिल सकता है।
शिविर के दौरान डॉ. संजय राम चेराव द्वारा करीब 50 कर्मचारियों एवं अन्य लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुना गया और आवश्यक परामर्श दिया गया। जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य संबंधी दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया। शिविर में पहुंचे कर्मचारियों ने स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न समस्याओं पर चिकित्सक से चर्चा कर उचित मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान प्लांट प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों एवं उपस्थित लोगों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। राकेश चंद्र गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन सुनील टोपा ने किया, जबकि प्रकाश जैन ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। स्वास्थ्य शिविर से लाभान्वित कर्मचारियों ने इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन के लिए प्लांट प्रबंधन एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।




