KORBA BREAKING : कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की छात्राओं ने किया चक्काजाम, समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिलने पर समाप्त हुआ प्रदर्शन

कोरबा। जिले के पोंडी उपरोड़ा विकासखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की छात्राओं ने गुरुवार को छात्रावास की विभिन्न समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

प्रदर्शन कर रही छात्राओं का आरोप था कि छात्रावास की अधीक्षिका शारदा नेताम का व्यवहार उनके प्रति उचित नहीं है। उन्होंने छात्रावास में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी नाराजगी जताई। छात्राओं का कहना था कि उन्होंने कई बार अपनी समस्याओं से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इससे आक्रोशित होकर उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद छात्राओं ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही छुरी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी अपनी मांगों को लेकर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम किया था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से यह स्पष्ट हो रहा है कि जिले के आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में व्यवस्थाओं को लेकर विद्यार्थियों में असंतोष बढ़ रहा है। ऐसे में संबंधित विभाग के लिए आवश्यक है कि छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं की गंभीरता से समीक्षा कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।




