प्रोएक्टिव पुलिसिंग से टली कल्याण ज्वेलर्स में डकैती, तीन आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस की सतर्कता और प्रोएक्टिव पुलिसिंग के चलते कल्याण ज्वेलर्स, पंडरी में डकैती की बड़ी साजिश समय रहते विफल कर दी गई। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन तथा 2,500 रुपये नकद जब्त किए हैं। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में संदिग्ध व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नए रोड के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और अन्य सामान बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में रात्रि के समय डकैती की योजना बना रहे थे। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल 2026 को उनके एक साथी ने ज्वेलर्स की रेकी कर सुरक्षा व्यवस्था, आसपास के क्षेत्र और वारदात को अंजाम देने की संभावनाओं का जायजा लिया था। फरार दोनों आरोपी मोबाइल के माध्यम से लगातार संपर्क में रहकर रेकी की तस्वीरें साझा कर पूरी योजना तैयार कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गुढ़ियारी थाना में अपराध क्रमांक 321/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310(4) (डकैती का प्रयास) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों के आपसी संपर्क, तकनीकी साक्ष्यों और डकैती की पूरी साजिश की जांच कर रही है। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व डीसीपी उत्तर दीपमाला कश्यप, एडीसीपी उत्तर आदित्य पांडेय तथा एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के निर्देशन में गुढ़ियारी थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार साहू और उनकी टीम ने किया। पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से राजधानी में एक बड़ी डकैती की वारदात होने से पहले ही रोक दी गई।




