नशामुक्ति अभियान पर समाज कल्याण विभाग फेल! कलेक्टर ने उप संचालक हरीश सक्सेना को थमाया नोटिस

कोरबा : कोरबा जिले में नशामुक्ति अभियान को लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ काम कर रहा है, लेकिन समाज कल्याण विभाग की कार्यशैली पर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। अभियान की प्रगति की लगातार समीक्षा कर रहे कलेक्टर कुणाल दुदावत ने निर्धारित दायित्वों के प्रभावी निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर समाज कल्याण विभाग के उप संचालक हरीश सक्सेना को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कलेक्टर ने हरीश सक्सेना को जमकर फटकार भी लगाई है।
जिले में नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव से समाज को सुरक्षित रखने, अवैध कारोबार पर नियंत्रण और जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति का गठन किया गया है। इस अभियान के क्रियान्वयन की प्रमुख जिम्मेदारी समाज कल्याण विभाग को सौंपी गई है। बताया जा रहा है कि अभियान के दौरान विभाग की ओर से जमीनी स्तर पर अपेक्षित गतिविधियां दिखाई नहीं दीं।
विभागीय कार्यों में सुस्ती और अभियान के प्रति गंभीरता के अभाव को लेकर प्रशासन ने नाराजगी जताई है। इसी के चलते उप संचालक हरीश सक्सेना के विरुद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि उप संचालक हरीश सक्सेना और परिवीक्षा अधिकारी मुकेश दिवाकर की कार्यशैली के कारण दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। दोनों अधिकारी इनके हक पर डाका डालने का भी काम कर रहे हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि शासन की प्राथमिकता वाले अभियानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को निर्धारित जिम्मेदारियों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन करना होगा।




