Chhattisgarh

CG Weather Today : दिवाली के बाद छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठंड, जानिए अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम ?

CG Weather Today, रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम साफ होने के बाद दिन के तापमान में स्थिरता बनी हुई है, लेकिन रात के मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। पिछले 24 घंटे में राज्य के न्यूनतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। रायपुर में रात का पारा 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे सुबह और रात के समय ठंड महसूस होने लगी है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है।

सुबह धुंध, रात में बढ़ेगी ठंड

आसमान साफ होने के साथ ही सुबह के वक्त हल्की धुंध का प्रभाव भी नजर आने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है। फिलहाल दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

ठंड का सबसे ज्यादा असर प्रदेश के उत्तरी हिस्से में देखने को मिल रहा है। उत्तरी सीमा से लगे जिलों के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। मौसम में किसी बड़े बदलाव या तूफानी स्थिति के अभाव में नवंबर के अंत तक रात के तापमान में गिरावट जारी रहने की संभावना है।

नवंबर के अंत तक 14-15 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

मौसम के आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर के अंत तक रायपुर में रात का तापमान सामान्यतः 14 से 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। ऐसे में आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।

नवंबर में तापमान और बारिश के पुराने रिकॉर्ड

नवंबर महीने में रायपुर के मौसम के पुराने रिकॉर्ड भी काफी दिलचस्प हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 2 नवंबर 1935 को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, 22 नवंबर 1883 को न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

बारिश के मामले में नवंबर महीने में 2 नवंबर 1930 को सर्वाधिक 70 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी। वहीं, नवंबर महीने में सर्वाधिक मासिक वर्षा का रिकॉर्ड वर्ष 1924 में 138 मिलीमीटर का रहा है।

फिलहाल मौसम साफ रहने के साथ ही प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। आने वाले दिनों में ठंड का प्रभाव बढ़ने से लोगों को सुबह और रात के समय ठंड का अधिक अहसास हो सकता है।

Related Articles

Back to top button