Chhattisgarh

CG CRIME: लवन में जुआ खेलते 12 आरोपी गिरफ्तार, ₹11,240 नकद और ताश की गड्डियां जब्त

बलौदाबाजार, 24 नवंबर। जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लवन पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर जुआ खेल रहे 12 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल ₹11,240 नकद और 52 पत्ती ताश की गड्डियां जब्त की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, SP गौरव राय के निर्देशन में जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 24 नवंबर को थाना लवन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नगर के वार्ड क्रमांक 10 में स्ट्रीट लाइट के नीचे कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से ₹5,500 नकद और ताश की गड्डियां जब्त की गईं। गिरफ्तार आरोपियों में अजय जायसवाल, दीपक साहू, रामेश्वर साहू, ज्ञानेश्वर चतुर्वेदी, अरुण कोसले और सत्यराज घृतलहरे शामिल हैं।

इसी दिन पुलिस ने दूसरी कार्रवाई लवन तालाब पार स्थित वार्ड क्रमांक 10 में ट्रांसफार्मर के पास की। यहां बिजली के खंभे में लगी लाइट के नीचे जुआ खेल रहे छह अन्य आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने इनके कब्जे से ₹5,740 नकद और ताश की गड्डियां जब्त कीं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामप्रसाद वर्मा, रामस्नेही वर्मा, इन्द्र कुमार वर्मा, राजेश जायसवाल, लक्ष्मण साहू और तुलाराम घृतलहरे के रूप में हुई है।

दोनों कार्रवाइयों में कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ₹11,240 नकद जब्त किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button