Chhattisgarh

बिना सूचना 109 गरीब परिवारों के राशन कार्ड से काटे गए नाम, खाद्यान्न संकट गहराया

0.राशन लेने उचित मूल्य की दुकान पहुंचे ग्रामीणों को मिली जानकारी, नाराज ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन; पात्र हितग्राहियों के नाम बहाल करने की मांग

कोरबा, 24 नवंबर 2026। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को उपलब्ध कराए जाने वाले सरकारी राशन पर प्रशासनिक लापरवाही भारी पड़ती नजर आ रही है। करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत सुवरलोट में लगभग 109 ग्रामीणों के नाम राशन कार्ड से काटे जाने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि प्रभावित परिवारों को इसकी पूर्व सूचना तक नहीं दी गई। किसी परिवार का पूरा राशन कार्ड बंद कर दिया गया है, तो किसी राशन कार्ड से परिवार के एक या एक से अधिक सदस्यों के नाम विलोपित कर दिए गए हैं। इस कार्रवाई से प्रभावित गरीब परिवारों के सामने खाद्यान्न की समस्या खड़ी हो गई है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। सोमवार को बड़ी संख्या में प्रभावित ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे और कलेक्ट्रेट में कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या से प्रशासन को अवगत कराया। ग्रामीणों ने मांग की कि जिन पात्र हितग्राहियों के नाम राशन कार्ड से हटाए गए हैं, उनकी तत्काल जांच कर नाम दोबारा जोड़े जाएं और उन्हें नियमित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए।

ग्रामीणों ने बताया कि वे लंबे समय से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत उचित मूल्य की दुकान से नियमित रूप से राशन प्राप्त कर रहे थे। हाल ही में जब परिवार के सदस्य निर्धारित समय पर राशन लेने दुकान पहुंचे, तब उन्हें पता चला कि उनके राशन कार्ड बंद कर दिए गए हैं अथवा परिवार के सदस्यों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। अचानक सामने आई इस स्थिति से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उनका कहना है कि यदि किसी प्रकार की पात्रता जांच या अन्य प्रक्रिया के तहत नाम हटाए गए हैं, तो इसकी जानकारी संबंधित हितग्राहियों को पहले दी जानी चाहिए थी।

ग्रामीणों ने अपने ज्ञापन में कहा कि वे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं और दैनिक जीवन की जरूरतों को पूरा करने के लिए सरकारी राशन पर निर्भर हैं। ऐसे में बिना पूर्व सूचना और स्पष्ट कारण के राशन कार्ड से नाम काटे जाने से उनके परिवारों के समक्ष भोजन की व्यवस्था करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, नाम विलोपित किए जाने का कारण सार्वजनिक करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच करने की मांग की है।

प्रभावित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मानवीय आधार पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए पात्र परिवारों के राशन कार्ड पुनः चालू कराने और उन्हें पूर्व की तरह नियमित खाद्यान्न उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। अब देखना होगा कि 109 ग्रामीणों के राशन कार्ड से नाम काटे जाने के इस मामले में प्रशासन कितनी गंभीरता से संज्ञान लेता है और प्रभावित गरीब परिवारों को कब तक राहत मिल पाती है।

Related Articles

Back to top button