Madhya Pradesh

शादी में शामिल होने आया था कृष्णा, सिगरेट के बहाने बाहर बुलाया और गोलियों से भून डाला; मुरैना में युवक की हत्या

मुरैना 24 नवंबर 2026 । मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में अंबाह बाईपास स्थित हरिविलास मैरिज गार्डन के बाहर एक युवक की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। मृतक कृष्णा गुर्जर अपने रिश्तेदार के लगुन-फलदान कार्यक्रम में शामिल होने आया था, तभी यह सनसनीखेज वारदात हुई। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा भी किया।

जानकारी के अनुसार, कृष्णा गुर्जर रिश्तेदार के लगुन-फलदान समारोह में पहुंचा था। बताया जा रहा है कि सिगरेट पीने के बहाने एक परिचित युवक उसे गार्डन से बाहर लेकर आया, जहां पहले से घात लगाकर बैठे 5-6 हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। कृष्णा ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उसे घेरकर कई गोलियां मार दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि घटनास्थल पर दर्जनभर से ज्यादा राउंड फायरिंग की गई।

प्रारंभिक तौर पर हत्या के पीछे एक साल पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है। वारदात की सूचना मिलते ही परिजन और अस्पताल में लोग जुटे, जहां आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी को लेकर परिजनों ने हंगामा किया। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Back to top button