CG BREAKING:मनेन्द्रगढ़ में 9.19 क्विंटल गांजा जब्त, छह तस्कर गिरफ्तार

मनेन्द्रगढ़। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों से 9 क्विंटल 19 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 59 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दोनों पिकअप वाहनों सहित करीब 4 करोड़ 69 लाख रुपए का मशरूका जब्त करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, चौकी नागपुर और थाना पोड़ी की संयुक्त टीम ने NH-43 पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की थी। इसी दौरान दो पिकअप वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहनों में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा मिला। पुलिस ने गांजे को जब्त कर दोनों वाहनों को भी अपने कब्जे में ले लिया। बरामद गांजे की कुल मात्रा 919 किलोग्राम बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल टोप्पो (26), राजित इंद्रवार (20), विनय टेटे (33) और अरुप मिर्धा (22), सभी निवासी सुंदरगढ़, ओड़िशा, तथा अलबिरनी (25) और सुनीता (22), निवासी कटनी, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि गांजे की यह बड़ी खेप ओड़िशा से मध्य प्रदेश ले जाई जा रही थी। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है और गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के दौरान तस्करी के स्रोत, परिवहन व्यवस्था और संभावित खरीदारों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा (IPS) और पुलिस अधीक्षक MCB रत्ना सिंह (IPS) के निर्देशन में की गई। मामले में आरोपियों के खिलाफ NDPS Act के प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज किया गया है। कार्रवाई में नागपुर चौकी प्रभारी शेषनारायण सिंह, सहायक उप निरीक्षक रामकृपाल सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
MCB जिला पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।




