Chhattisgarh

CEIR पोर्टल से 150 गुम मोबाइल बरामद, कोरबा पुलिस ने लौटाई लोगों की मुस्कान

कोरबा। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत साइबर पुलिस थाना कोरबा ने 150 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाया है। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत 26 लाख 62 हजार 410 रुपये बताई गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के दिशा-निर्देशन तथा साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा के मार्गदर्शन में साइबर सेल और साइबर पुलिस थाना की टीम ने CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की सहायता से विभिन्न स्थानों पर गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया। साइबर थाना एवं जिले के विभिन्न थाना-चौकी स्टाफ के संयुक्त प्रयास से अलग-अलग जिलों और राज्यों से मोबाइल फोन खोजे गए। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अजय सोनवानी एवं साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बरामद मोबाइल फोन Apple, Samsung, Oppo, Vivo, Redmi, Realme और OnePlus जैसी कंपनियों के हैं। सोमवार को साइबर पुलिस थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सभी 150 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। मोबाइल स्वामियों ने कोरबा पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं साइबर टीम का आभार जताया। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल वापस मिल सकेगा, लेकिन पुलिस के प्रयासों ने उनका विश्वास और मजबूत किया है।

पुलिस विभाग के अनुसार पिछले पांच महीनों में 300 से अधिक गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं। कोरबा पुलिस लगातार तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर नागरिकों को राहत पहुंचाने का कार्य कर रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने अथवा चोरी होने की स्थिति में तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें या नजदीकी थाना एवं साइबर सेल को सूचना दें, ताकि समय रहते तकनीकी सहायता से मोबाइल को ट्रेस कर बरामद किया जा सके। साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने और शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button