Chhattisgarh

RTO ओवर स्पीडिंग चालान के नाम पर साइबर ठगी का नया तरीका, फर्जी SMS और लिंक से सावधान रहने पुलिस की अपील

बलौदाबाजार, 25 नवंबर। साइबर अपराधी अब वाहन चालकों को RTO ओवर स्पीडिंग चालान के नाम पर निशाना बना रहे हैं। फर्जी SMS और संदिग्ध लिंक के जरिए मोबाइल में खतरनाक APK फाइल डाउनलोड करवाकर साइबर ठगी की जा रही है। इस नए साइबर फ्रॉड को लेकर बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने आम नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है।

SP गौरव राय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में साइबर अपराधों के प्रति लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, साइबर ठग लोगों के मोबाइल पर अनजान नंबरों से ‘RTO Notice’ या ‘Over Speeding Challan’ के नाम से मैसेज भेज रहे हैं। इसमें चालान देखने या डाउनलोड करने के लिए परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट जैसी दिखने वाली फर्जी लिंक दी जाती है।

इस लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड हो सकती है। यदि कोई व्यक्ति इस फाइल को इंस्टॉल कर लेता है, तो उसके मोबाइल की संवेदनशील जानकारी, SMS, OTP और बैंकिंग या UPI से जुड़ी जानकारियां साइबर अपराधियों तक पहुंच सकती हैं। इसके जरिए बैंक खाते से रकम निकालकर आर्थिक ठगी की जा सकती है।

पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी है कि अनजान नंबरों से आने वाले चालान, पार्सल, बैंक या सरकारी योजनाओं से जुड़े संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। मोबाइल में अपने आप डाउनलोड होने वाली किसी भी अज्ञात APK फाइल को इंस्टॉल न करें और फोन की सेटिंग में ‘Install unknown apps’ विकल्प को नियंत्रित रखें।

वाहन चालान की वास्तविक स्थिति जानने के लिए केवल भारत सरकार के आधिकारिक परिवहन पोर्टल का इस्तेमाल करें। किसी भी संदिग्ध मैसेज पर अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग या OTP संबंधी जानकारी साझा न करें।

साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है, तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। इसके अलावा आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। जरूरत पड़ने पर नजदीकी पुलिस थाना, चौकी या साइबर सेल से भी संपर्क करें। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्कता और जागरूकता सबसे प्रभावी उपाय है।

Related Articles

Back to top button