गुरुपर्व पर पेट्रोल-डीजल का लगा फ्री लंगर, 300 रुपये तक मुफ्त तेल पाकर खिले वाहन चालकों के चेहरे

लुधियाना। सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व (गुरुपर्व) पर पंजाब के लुधियाना में सेवा और मानवता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। यहां ताजपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल का फ्री लंगर लगाया गया। इस दौरान वाहन चालकों को 300 रुपये तक का पेट्रोल-डीजल मुफ्त दिया गया। जैसे ही इस अनोखी सेवा की खबर फैली, पेट्रोल पंप पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे।
यह अनूठी पहल लुधियाना निवासी पंकज कुमार ने की। उन्होंने गुरुपर्व के अवसर पर अपनी कमाई के दसवंध से लोगों को मुफ्त पेट्रोल-डीजल वितरित करने का निर्णय लिया था। शुरुआत में यह सेवा एक घंटे के लिए निर्धारित की गई थी, लेकिन लोगों की भारी भीड़ और उत्साह को देखते हुए इसे बढ़ाकर करीब डेढ़ से दो घंटे तक जारी रखा गया।
पंकज कुमार ने बताया कि वह हर साल अपनी कमाई के दसवंध से लगभग 50 से 60 हजार रुपये सेवा कार्यों में खर्च करते हैं। इस बार भी उन्होंने 60 हजार रुपये का बजट निर्धारित किया था। करीब डेढ़ घंटे तक लगातार मुफ्त पेट्रोल-डीजल बांटने के बाद सेवा समाप्त कर दी गई थी। हालांकि, जब खर्च का हिसाब लगाया गया तो तय बजट की कुछ राशि बची हुई मिली। इसके बाद उन्होंने तत्काल दोबारा सेवा शुरू करवाई और बची हुई रकम से भी वाहन चालकों को मुफ्त पेट्रोल-डीजल वितरित किया।
पंकज कुमार ने कहा कि यह सब श्री गुरु नानक देव जी के 20 रुपये के सच्चे सौदे की प्रेरणा और आशीर्वाद का परिणाम है। गुरु साहिब की ओर से शुरू की गई सेवा और मानवता की परंपरा आज भी निरंतर जारी है। उन्होंने लोगों से आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ रहने तथा गुरुपर्व पर गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेकने और गुरु महाराज का आशीर्वाद लेने की अपील की।
वहीं, पेट्रोल पंप के मालिक अज्जू ने पंकज कुमार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह वाहेगुरु की कृपा है कि इस नेक कार्य के लिए उनके पेट्रोल पंप को चुना गया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बिना किसी प्रचार और दिखावे के अपनी जेब से पैसे खर्च कर इंसानियत की सेवा करना बड़ी बात है। उन्होंने पंकज कुमार और उनके परिवार के लिए अच्छी सेहत, लंबी उम्र और तरक्की की कामना की।
गुरुपर्व पर पेट्रोल-डीजल का यह फ्री लंगर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। इस पहल ने गुरु नानक देव जी के सेवा, समानता और मानवता के संदेश को एक बार फिर जीवंत कर दिया।




