Uttar Pradesh

BIG NEWS : नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 4 करोड़ की हेरोइन के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। स्वाट, सर्विलांस और जंगीपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से 1.904 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन बिहार और एक उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर बनारस-गोरखपुर हाईवे से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अरशदपुर तिराहे के पास घेराबंदी कर संदिग्धों की निगरानी शुरू की। इसी दौरान चार लोगों को पकड़कर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से हेरोइन बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमीर हवारी, बबलू कुमार यादव और गुलशन कुमार निवासी कैमूर-भभुआ (बिहार) तथा विवेक यादव निवासी खजुरी गांव, थाना दिलदारनगर, गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

मोबाइल फोन से खुलेगा तस्करी नेटवर्क का राज

पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन की जांच कर आरोपियों के संपर्कों और मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल जानकारियों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।

तीन आरोपियों के बिहार और एक के उत्तर प्रदेश से होने के कारण पुलिस इस मामले में अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की कड़ियां भी खंगाल रही है। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के साथ ही इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

गाजीपुर पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य हेरोइन की सप्लाई के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों तक पहुंचना है।

Related Articles

Back to top button