बेमेतरा में जुआरियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 123 गिरफ्तार; 3.12 लाख रुपये जब्त

- पांच दिनों में जुए के 106 मामले दर्ज, 539 जुआरियों से 6.03 लाख रुपये और ताश की गड्डियां जब्त
बेमेतरा, 10 नवंबर 2026। जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ बेमेतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। SP त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन में साइबर सेल सहित जिले के विभिन्न थाना और चौकी की टीमों ने अलग-अलग गांवों में छापेमारी कर एक ही दिन में 123 जुआरियों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 3 लाख 12 हजार 640 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की है। इस मामले में जुआरियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत 21 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को मुखबिर से जिले के विभिन्न गांवों में सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद साइबर सेल सहित थाना एवं चौकी पुलिस की टीमों ने भैंसामुड़ा, देवरबीजा, चोटमर्रा, मरतरा, घोठा, जुनवानी कला, झिरिया, पौसरी, जांता, बहरबोड़, भंवरदा, कोदवा, बिरनपुर, चोंगीखपरी, सांकरा, पतोरा, रेवे और सनडोंगरी सहित कई स्थानों पर एक साथ दबिश दी।
पुलिस की छापेमारी के दौरान कुछ जुआरी मौके से फरार हो गए, जबकि 123 लोगों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार जुआरियों में देवचरण साहू, सतीश कहार, राकेश यादव, संतोष यादव, प्रहलाद साहू, राजू मेहर, दिलहरण पटेल, सनत राजपूत, जयंत वर्मा और हेमंत साहू सहित अन्य आरोपी शामिल हैं।

पांच दिनों में 539 जुआरी पकड़ाए
बेमेतरा पुलिस ने बताया कि पिछले पांच दिनों में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में जुआरियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया गया है। इस दौरान कुल 106 प्रकरण दर्ज कर 539 जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने इनके कब्जे और जुआ फड़ से कुल 6 लाख 3 हजार 595 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की है। यह कार्रवाई बेमेतरा, नवागढ़, नांदघाट, दाढ़ी, खम्हरिया, बेरला, चंदनू, साजा, परपोड़़ी सहित मारो, देवकर, खंडसरा, देवरबीजा, कंडरका और संबलपुर चौकी क्षेत्रों में की गई।
SP त्रिलोक बंसल के निर्देशन तथा अतिरिक्त SP डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का और एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में अवैध शराब, गांजा, नशीले पदार्थ, जुआ और सट्टा सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी है। इस कार्रवाई में साइबर सेल सहित विभिन्न थाना और चौकी के प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





