Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा के सभी अमृत सरोवरों में 26 नवंबर को मनेगा संविधान दिवस, होगा प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

जांजगीर-चांपा, 25 नवंबर।जिले के सभी अमृत सरोवर स्थलों पर 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया जाएगा। साथ ही जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया जाएगा।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जनपद पंचायत के सीईओ और कार्यक्रम अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

कार्यक्रम में युवाओं, स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों, विकसित भारत– राम के श्रमिकों, स्व-सहायता समूहों और आजीविका दीदियों की भागीदारी रहेगी। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करने के साथ मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों पर जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा उपस्थित लोगों को जल संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी।

संविधान दिवस के अवसर पर अमृत सरोवरों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत खरपतवार हटाने, गाद निकासी और पौधरोपण जैसी गतिविधियां की जाएंगी। आयोजन का उद्देश्य संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है।

Related Articles

Back to top button