पत्नी से अफेयर के शक में युवक की हत्या, शव को सीमेंट के पोल से बांधकर तालाब में फेंका; चाचा-भतीजा गिरफ्तार

तिल्दा-नेवरा, 17 नवम्बर। छत्तीसगढ़ के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में प्रेम संबंध के शक में 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने अपने भतीजे के साथ मिलकर युवक पर टंगिया से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के इरादे से शव को सीमेंट के पोल से बांधकर तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला ग्राम बेमता का है। जानकारी के अनुसार, धनेश पाल ने 14 नवंबर को थाना तिल्दा-नेवरा में अपने 22 वर्षीय बेटे पुरुषोत्तम पाल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम दोपहर करीब 3:30 बजे बेमता ईंट भट्ठे के पास से अचानक लापता हो गया था। परिजनों द्वारा काफी तलाश किए जाने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गांव का रहने वाला शंकर पाल अपनी पत्नी और पुरुषोत्तम के बीच प्रेम संबंध होने का संदेह करता था। इसी बात को लेकर पहले भी विवाद हो चुका था। घटना के दिन शंकर पाल और उसका भतीजा किशन उर्फ पिंटू यादव भी पुरुषोत्तम के साथ देखे गए थे। मृतक के दो दोस्तों से पूछताछ में भी इस बात की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस पूछताछ में किशन यादव ने अपने चाचा शंकर पाल के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाने और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने पुरुषोत्तम पर टंगिया से सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को सीमेंट के पोल से बांधकर ग्राम बेमता स्थित मंजरी डबरी तालाब में फेंक दिया, ताकि वारदात का खुलासा न हो सके। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तालाब से शव बरामद किया। शव पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले। सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टंगिया, मृतक का डंडा और मृतक सहित दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में आरोपी शंकर पाल उर्फ राजू (38 वर्ष), निवासी ग्राम दशरंगपुर, जिला कबीरधाम और किशन यादव उर्फ पिंटू यादव (20 वर्ष), निवासी ग्राम भीपुटपुटा, जिला कबीरधाम, वर्तमान निवासी ग्राम बेमता को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 103(1), 238(क), 61(2)(क) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।




