बलौदाबाजार : गाली-गलौज करने से मना किया तो युवक पर चाकू से किया जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार-भाटापारा, 14 नवंबर । छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में मामूली बात को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। ग्राम बछेरा में गाली-गलौज करने से मना करने पर तीन युवकों ने तामेश्वर सिंह ठाकुर के साथ मारपीट की और बटनदार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में सिमगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 12 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे की है। ग्राम बछेरा निवासी तामेश्वर सिंह ठाकुर काम से घर लौट रहा था। इसी दौरान साहू भवन के सामने राहुल यादव उर्फ जैकर, किशन देवार और गोपी देवार शराब के नशे में आपस में गाली-गलौज कर रहे थे। तामेश्वर ने उन्हें ऐसा करने से मना किया तो तीनों आरोपी भड़क गए और उसे गालियां देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगे।
आरोप है कि इसके बाद तीनों ने एक राय होकर अपने पास रखे धारदार बटनदार चाकू से तामेश्वर सिंह ठाकुर के शरीर पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे गंगाधर यदु के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की और मौके से फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर थाना सिमगा में अपराध क्रमांक 500/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया गया। SP गौरव राय के निर्देशन में सिमगा पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में तीनों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मारपीट और चाकू से हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एक स्टील का धारदार बटनदार चाकू भी जब्त किया है। तीनों आरोपियों को 13 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
- राहुल यादव उर्फ जैकर (32 वर्ष), निवासी के.के. वार्ड, भाटापारा।
- किशन देवार (23 वर्ष), निवासी ग्राम किरवई, थाना सिमगा।
- गोपी देवार (22 वर्ष), निवासी ग्राम किरवई, थाना सिमगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में चाकूबाजी, मारपीट और आमजन की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




