Chhattisgarh

रायपुर में 2.522 किलो गांजा के साथ ओडिशा का अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, दूसरा आरोपी भी पकड़ाया

रायपुर, 14 नवंबर। राजधानी रायपुर में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा के एक अंतर्राज्यीय आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2.522 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.66 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को सूचना मिली थी कि आमानाका थाना क्षेत्र में सरोना रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर जेपी गार्डन के पास दो व्यक्ति दोपहिया वाहन में गांजा रखकर बिक्री करने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान राधाकान्त राणा (56 वर्ष), निवासी ग्राम खोलन, जिला बलांगीर, ओडिशा और परमानंद साहू (40 वर्ष), निवासी ग्राम पोहंदा, जिला दुर्ग के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास रखे थैले से 2.522 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1,26,100 रुपये कीमत का गांजा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 1,66,100 रुपये की सामग्री जब्त की है। दोनों के खिलाफ थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 381/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से गांजे की उपलब्धता, परिवहन और बिक्री के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोतों और संभावित खरीदारों का पता लगाने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, रायपुर कमिश्नरेट में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा अब तक एनडीपीएस एक्ट के 102 मामलों में 222 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन कार्रवाइयों में कुल 7 करोड़ 39 लाख 28 हजार 670 रुपये कीमत के मादक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त की गई है।

Related Articles

Back to top button