बलौदाबाजार: नाले में मिला 19 वर्षीय युवक का शव, सिर पर धारदार हथियार से चोट के निशान; हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

बलौदाबाजार, 14 नवंबर । छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में 19 वर्षीय युवक का शव पानी में मिलने से सनसनी फैल गई। गिधौरी थाना क्षेत्र के गिधौरी और घटमड़वा के बीच स्थित घटमड़वा नाला बांधा में युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान ग्राम गिधौरी निवासी आदित्य टंडन (19 वर्ष), पिता संतोष टंडन के रूप में हुई है। युवक के सिर और माथे पर गंभीर चोट के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10:45 बजे सूचना मिली कि घटमड़वा नाला बांधा के पानी में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही गिधौरी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला। जांच के दौरान युवक के सिर और माथे पर चोट के निशान पाए गए।
प्रथम दृष्टया आशंका है कि किसी धारदार वस्तु से युवक के सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई गई, जिससे उसकी मौत हुई होगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना गिधौरी पुलिस और एफएसएल की टीम घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर रही है।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक की मौत की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।




