लोकतंत्र की मर्यादा सर्वोपरि, भीड़तंत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा : गुरु खुशवंत साहेब

0 जांजगीर-चांपा में भाजपा की विशाल पदयात्रा और जनसभा, हजारों की संख्या में उमड़े कार्यकर्ता और आम नागरिक; लोकतंत्र की रक्षा का लिया संकल्प
जांजगीर-चांपा, 14 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी जिला जांजगीर-चांपा द्वारा शनिवार, 14 नवंबर को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विशाल पदयात्रा एवं जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। उत्साह के साथ निकली पदयात्रा अटल चौक से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कचहरी चौक पहुंची, जहां विशाल जनसभा आयोजित की गई।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
जनसभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनमत का सम्मान ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक शक्ति उसकी नीतियों, विचारों और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता में होती है। जनता के विश्वास और भागीदारी से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मर्यादा सर्वोपरि है और किसी भी परिस्थिति में भीड़तंत्र एवं अराजकता को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय गौरव के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। साथ ही कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने और गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता और संवैधानिक मर्यादाओं को प्राथमिकता देना जरूरी है। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों के उल्लंघन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का उल्लेख करते हुए लोकतंत्र की रक्षा में जागरूक नागरिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
वहीं, सौरभ सिंह ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए मतदाता सूची का शुद्धिकरण जरूरी है। भाजपा जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच करना संवैधानिक प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य मृत, स्थायी रूप से पलायन कर चुके, डुप्लीकेट और नियमानुसार अपात्र मतदाताओं के नामों का परीक्षण कर सूची को शुद्ध एवं पारदर्शी बनाना है।
सांसद कमलेश जांगड़े ने भी जनसभा को संबोधित करते हुए लोकतंत्र की मजबूती, जनभागीदारी और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान पर जोर दिया।
इस दौरान रामदेव कुमावत, राजेंद्र वैष्णव, गुलाब सिंह चंदेल, छत राम देवांगन, चुन्नीलाल साहू, अमर सुल्तानिया, संतोष लहरे, शशांक शर्मा, नंद चौधरी, नंदिनी राजवाड़े, रजनी साहू, वैभव बैस और कार्तिकेश्वर स्वर्णकार सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जिला पंचायत, जनपद पंचायत और नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि, सरपंच, पार्षद, विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। पदयात्रा और जनसभा के माध्यम से भाजपा ने लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने, संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान और अराजकता के विरुद्ध जनजागरण का संदेश दिया।




